Showing posts with label #Rajasthan. Show all posts
Showing posts with label #Rajasthan. Show all posts

Wednesday, March 13, 2019

इस मंदिर में भक्त भगवान गणेश को भेजते हैं चिट्ठियां

आज के दिन भगवान गणेश जी की पूजा का विधान है। गणेश जी की पूजा करने से सुख-शांति, विद्या, यश, संतान, धन आदि की प्राप्ति होती है। यहां तक की भक्त को मोक्ष की भी प्राप्ति होती है। आज हम आपको भगवान गणेश जी के एक ऐसे प्राचीन मंदिर के बारे में बताएंगे जो बहुत ही खास है। इस मंदिर की खास बात यह है कि लाखों की तादात में भक्त गणनायक भगवान गणेश को चिट्ठियां भेजते हैं। राजस्थान के सवाई माधौपुर से लगभग 10 किमी. दूर रणथंभौर के किले में बना गणेश मंदिर भगवान को चिट्ठी भेजे जाने के लिए जाना जाता है। 


यहां के लोग घर में कोई भी मंगल कार्य करते हैं तो रणथंभौर वाले गणेश जी के नाम कार्ड भेजना नहीं भूलते। इसलिए यहां हमेशा भगवान के चरणों में चिट्ठियों और निमंत्रण पत्रों का ढेर लगा रहता है। कार्ड पर पता लिखा जाता है- 'श्री गणेश जी, रणथंभौर का किला, जिला- सवाई माधौपुर (राजस्थान)'। डाकिया भी इन चिट्ठियों को पूरी श्रद्धा और सम्मान से मंदिर में पहुंचा देता है। इसके बाद पुजारी चिट्ठियों को भगवान गणेश के सामने पढ़कर उनके चरणों में रख देते हैं। मान्याता है कि इस मंदिर में भगवान गणेश को निमंत्रण भेजने से सारे काम अच्छी तरह पूरे हो जाते हैं।

इस मंदिर में भगवान गणेश की मूर्ति बाकी मंदिरों से बहुत अलग है। मूर्ति में भगवान की तीन आंखें हैं। गणेश जी अपनी पत्नी रिद्धि, सिद्धि और अपने पुत्र शुभ-लाभ के साथ विराजमान हैं। गणनायक का वाहन चूहा भी साथ में है। कहा जाता है कि यह मंदिर 10वीं सदी में रणथंभौर के राजा हमीर ने बनवाया था। युद्ध के दौरान राजा के सपने में गणेश जी आए थे और उन्हें आशीर्वाद दिया, जिसके बाद युद्ध में राजा की विजय हुई। तब उन्होंने अपने किले में मंदिर का बनवाया। यहां गणेश चतुर्थी पर धूमधाम से उत्सव मनाया जाता है और विशेष पूजा अर्चना की जाती है।



Tuesday, March 12, 2019

अद्भुत है सालासर बालाजी हनुमान मंदिर

आज मंगलवार है और आज के दिन मंदिर में संकटमोचन हनुमान जी की पूजा-अर्चना करने से सभी कष्टों का नाश होता है और हर मनोकामना पूर्ण होती है। आज हम आपको हनुमान जी के ऐसे मंदिर के बारे में बताएंगे जो अपने चमत्कारों के लिए बहुत प्रसिद्ध है। यह सालासर हनुमान मंदिर जयपुर बीकानेर राजमार्ग पर स्थित है। सालासर धाम हनुमान भक्तों के बीच सिद्धपीठ शक्ति स्थल के रूप में जाना जाता है। सालासर कस्बा, राजस्थान में चुरू जिले का एक हिस्सा है और यह जयपुर-बीकानेर राजमार्ग एनएच 11 पर स्थित है। 

सभी बालाजी मंदिरों में से सालासर बालाजी मंदिर बहुत अलग है क्योंकि भारतवर्ष के समस्त बालाजी के मंदिरों में सालासर बालाजी के अलावा किसी ओर मंदिर में बालाजी की दाढ़ी-मूंछ नहीं हैं। लेकिन इसके पीछे भी एक कहानी है, दरअसल, राजस्थान के नागपुर जिले में असोटा गांव में एक दिन एक जाट किसान को अपना खेत जोतते समय उसके हल से एक चीट टकराई। जिसके बाद उसने उस जगह की मिट्टी को खोदना शुरु किया तो उसको मिट्टी से सनी हुई दो मूर्तियां मिली। 



उन मूर्तियों को लेकर वो अपने घर गया और अपनी पत्नी को वो मूर्तियां दिखाई। उन दोनों ने मूर्तियों को साफ किया तो उन्हें साक्षात् हनुमान जी के दर्शन हुए। वे दोनों मुर्तियों के सामने नत्मस्तक हुए और श्रद्धापूर्वक पूजा की। धरती से हनुमान जी की मूर्ति मिलने की खबर परे गांव में आग की तरह फैल गई। एक दिन उस किसान को सपने में बालाजी ने आदेश दिए कि इन मूर्तियों को चूरू जिले में सालासर भेज दिया जाए और उसी रात हनुमान जी ने अपने एक भक्त मोहन दासजी महाराज को सपने दिया कि आसोटा से एक किसान मूर्ति लेकर यहां आयेगा और उस मूर्ति से तुम्हें सालासर में मेरा एक मंदिर बनाना है। 

बालाजी के आदेश पाकर भक्त मोहन दासजी ने बालाजी का एक भव्य मंदिर का निर्माण किया। भक्त मोहन दासजी ने एक मूर्ति की स्थापना इस मंदिर में की और दूसरी मूर्ति की स्थापना इस स्थान से 25 किलोमीटर दूर पाबोलाम (भरतगढ़) में की। बालाजी के बारे में एक बड़ी रोचक बात यह है क‌ि मंद‌िर का न‌िर्माण करने वाले मुसलमान कारीगर थे। इनमें नूर मोहम्मद और दाऊ का नाम शाम‌िल है। बालाजी की धुणी को भी चमत्कारी माना जाता है। कहते हैं बाबा मोहनदास जी ने 300 साल पहले इस धुनी को जलाई थी जो आज भी अखंड‌ित प्रज्जवल‌ित है।



Friday, March 8, 2019

अद्भुत है संतोषी माता का यह प्राचीन मंदिर

वैसे तो दुनिया भर में संतोषी माता के कई प्राचीन मंदिर है, लेकिन राजस्थान में संतोषी मां का ऐसा भव्य मंदिर है जिसे देखे बिना आप रह नहीं पायेंगे। इस मंदिर में माता के शक्ति रूप की पूजा व अर्चना की जाती है। संतोषी माता का यह मंदिर सबसे वास्तविक मंदिर माना जाता है। यह मंदिर जोधपुर में मंडोर के मार्ग में स्थित है और आप यहां पर प्राकृतिक सौन्दर्य का भरपूर आनंद ले सकते हैं। लालसागर एक सरोवर है और इसके आस—पास काफी हरियाली है। इस प्राचीन मंदिर के इर्द—गिर्द बरगद, नीम, पीपल आदि के कई सारे घने पेड़ हैं। यहां मंदिर के ऊपर पहाड़ी विशेष स्वरूप में नजर आती है। जो भी श्रद्धालु इस मंदिर की भव्यता को देखता है तो उसे ऐसा लगता है जैसे शेषनाग अपने फन से संतोषी माता को छाया प्रदान कर रहे हो। 



इस मंदिर में लालसागर एक सरोवर भी है, इस सरोवर के आस-पास काफी हरियाली भी है। पहाड़ी के अन्दर ऊपरी भाग में प्राकृतिक रूप से माता और सिंह के पदचिन्ह की प्रतिकृति दिखाई देती है। मंदिर के पास ही एक अमृत कुण्ड है। यहां एक हरा—भरा वृक्ष है, जिसका आकार कई वर्षों से एक जैसा है। साथ ही मंदिर में एक झरना भी है, जहां शिव की मूर्ति प्रतिष्ठित है। मंदिर के प्रांगण में नारायण नाम से प्रसिद्ध एक विशेष पेड़ लगा है। यह बरसों पुराना है, इस पेड़ का तना नीम का है, लेकिन इसके ऊपर पीपल भी उगा हुआ है। लोगों की ऐसी मान्यता है कि इस पेड़ पर जो भी व्यक्ति पूर्ण श्रद्धा से लाल धागा बांधता है तो उसकी हर मन्नत पूरी होती है।